दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के तिगैलिया मोहल्ले की मोर वाली गली में शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण का विरोध करना एक दिव्यांग युवक और उसके पिता को भारी पड़ गया। मोहल्ले के कुछ लोगों ने दोनों की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित युवक सोमवार को अपनी मां और परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित दिव्यांग रोहित गुप्ता ने बताया कि उन्होंने शासकीय भूमि पर अनाधिकृत रूप से दीवार खड़ी किए जाने का विरोध किया था। यह दीवार उनके घर के ठीक सामने बनाई जा रही थी, जिससे रास्ता पूरी तरह से बंद हो जाता। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो मोहल्ले के ही रहने वाले अनिल उर्फ टिल्लू गुप्ता, देवांश उर्फ देव गुप्ता, अंश गुप्ता और कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
पिता और बेटे को आईं गंभीर चोटें
परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने रोहित और उसके पिता रामकुमार गुप्ता को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके बाद भी अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित रोहित गुप्ता ने बताया कि वह जन्म से ही दिव्यांग है और इस घटना से मानसिक रूप से भी आहत हुआ है। उनका कहना है कि न केवल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, बल्कि विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित भी किया गया। परिवार अब एसडीएम और तहसीलदार से मिलकर न्याय की मांग करेगा।
एसपी कार्यालय में दी शिकायत
सोमवार को रोहित गुप्ता अपने परिजन और मोहल्ले की महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत दी। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाया जाए। एसपी वर्मा ने उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय संपत्ति को बचाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई दिव्यांग या आम नागरिक न्याय की उम्मीद छोड़ न दे।