नीमच। शहर के एलआईसी रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार हुंडई आई 20 कार एमपी 09 सीएम 5966 अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। यह दिल दहला देने वाला हादसा अजमीढ़ जी चौराहे से एलआईसी की ओर जाते समय हुआ, जिसमें कार में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े कर देने वाले बयानों के अनुसार, कार पहले एक सांड से जा भिड़ी। इस टक्कर के बाद चालक ने घबराहट में कार की रफ्तार और बढ़ा दी, जिसके बाद अनियंत्रित कार सीधे डिवाइडर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आई 20 कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया और वह कबाड़ में तब्दील हो गई।
कार इतनी स्पीड में थी कि कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गनीमत रही कि हादसे में केवल एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया है। अगर कार की रफ्तार थोड़ी भी कम होती या डिवाइडर से टक्कर न होती, तो शायद मंजर कुछ और होता। इस घटना ने एलआईसी रोड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।