कटनी। जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटिया महगमा गांव से एक संवेदनशील घटना सामने आई है। गांव के सरपंच की सूचना पर प्रशासन एक चरवाहे की खोजबीन में जुटा है जो मूसलाधार बारिश के दौरान उफनती नदी में बह गया।
बरही थाना प्रभारी शैलेंद्र यादव ने बताया कि हाल की बारिश के चलते जिले की अधिकांश नदियाँ और रपटे उफान पर हैं। इसी दौरान तालिबानिया निवासी हल्के प्रजापति अपने मवेशियों को चराने के बाद घर लौट रहे थे। लौटते समय हलपल नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया और दोपहर करीब 1 बजे वे नदी के तेज बहाव में बह गए।
बताया गया है कि एक भैंस पानी में बहने लगी, जिसे बचाने के प्रयास में हल्के प्रजापति खुद भी पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार, पुलिस, एनडीआरएफ सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
22-23 घंटे बीतने के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हलपल नदी से लेकर उमरार नदी और महानदी के संगम तक तलाश जारी है। ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर सघन तलाश अभियान में जुटे हुए हैं।