खरगोन। जिले के ग्राम पिपल्या सोसायटी से खरीदे गए सुपर फास्फेट खाद के पानी में मिलाने के बाद भी नही घुलने पर किसानों का आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने करीब दो घंटे तक धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की। इसके बाद कलेक्टर भव्या मित्तल से भी किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिला। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जिस खाद की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे है उसकी बिक्री रोककर सैंपलिंग कराई जाएगी।
महासंघ के गोपाल पाटीदार, रामेश्वर गुर्जर ने बताया सुपर बलराम खाद की खरीदी की थी। 12 दिन पहले खेत में डाली थी, जिसका दाना अब तक नही घुला है। इसकी जांच के लिए एक पानी के डिब्बे में भी घोलने का प्रयास किया, लेकिन नही घुला। हमारी मांग है कि खाद बिक्री के दौरान लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। किसानों ने आरोप लगाया कि शासन- प्रशासन की मौन स्वीकृति या सांठगांठ से जिले में नकली कपास बेरोकटोक बिक रही है।