हरदा। भारतीय मजदूर संघ ने मंगलवार को सरकारी विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त कलेक्टर संजीव कुमार नागू को 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नगरीय निकायों, वन विभाग, शासकीय महाविद्यालय और जलसंसाधन विभाग सहित अन्य विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, मस्टर कर्मी और अंशकालिक कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग की गई है।
प्रमुख मांगें
नगरीय निकायों, वन विभाग, शासकीय महाविद्यालय और जलसंसाधन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण
स्थायी कर्मियों को 2016 से सातवां वेतनमान
मूलभूत सुविधाएं, चिकित्सा भत्ता और गृह भाड़ा लाभ
केंद्र के समान 25 लाख रुपए की ग्रेच्युटी राशि
अर्जित अवकाश का लाभ
आयुष्मान योजना और ई-श्रमिक कार्ड से जोड़ने की मांग
अनुकंपा नियुक्ति बहाली
पुरानी पेंशन योजना का लाभ
विशेष मांगें
संगठन ने लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सदस्य स्थल सहायकों के लिए 2750 के स्थान पर 3050 रुपए का वेतनमान देने की मांग की है। साथ ही, 33 वर्ष की सेवा पूर्ण न करने वाले कार्यभारित कर्मचारियों के दैनिक वेतनभोगी समय को कार्यभारित सेवा में जोड़ने की मांग भी की गई है।
न्यूनतम वेतन वृद्धि का एरियर
ज्ञापन में प्रदेश के सभी विभागों, निगम-मंडल, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन वृद्धि पर एरियर का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर नर्मदापुरम विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी, जिला अध्यक्ष मुकेश धामनदेकर, जिला मंत्री प्रबल पंवार और जिला संयोजक दिनेश कुमार जांगरे सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।