शाजापुर। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं मोटर व्हीकल एक्ट का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना अवंतिपुर बड़ोदिया पुलिस द्वारा मोबाइल कोर्ट के माध्यम से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्यवाही दिनांक 08 जुलाई 2025 को खातीखेड़ी जोड़ पर न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) गजल पाहवा, न्यायालय शुजालपुर की मौजूदगी में संपन्न हुई।
इस दौरान थाना प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम बैरागी, चौकी लिलावद प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश्वर राम भगत, न्यायालय स्टाफ तथा अन्य पुलिस बल की उपस्थिति में व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग की गई।
अभियान का प्रमुख उद्देश्य-
- सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम
- मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन को रोकना
आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना-
इस अवसर पर बिना हेलमेट वाहन चला रहे दोपहिया चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए, वहीं नियमों का पालन करने वाले जागरूक चालकों को प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट भी भेंट की गई।
कार्यवाही के आँकड़े-
- कुल 27 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही
- 13,500 समन शुल्क की वसूली
थाना अवंतिपुर बड़ोदिया की इस पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।