भोपाल। संविदा कर्मचारियों को नियमित करने समेत 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 12 जुलाई को मध्यप्रदेश के बिजलीकर्मी प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि सरकार को 4 जुलाई तक चर्चा करने की बात कही थी। बावजूद चर्चा नहीं हुई। इसके चलते अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाई इंजीनियर संगठन के बैनर तले यह आंदोलन होगा। प्रवक्ता लोकेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल में यह प्रदर्शन नीलम पार्क में होगा। इसमें प्रदेशभर से बिजलीकर्मी जुटेंगे।
5 हजार संविदा कर्मचारी कार्यरत
प्रवक्ता श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली विभाग में 5 हजार संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। सभी संविदा कर्मी संपूर्ण चयन प्रक्रिया के तहत लिखित, साक्षात्कार, मेरिट के माध्यम से भर्ती हुए हैं, लेकिन भविष्य सुरक्षित महसूस न कर पाने की वजह से 10-12 साल के अनुभवी संविदा कर्मी अब नौकरी छोड़कर दूसरे विभागों में जा रहे हैं। ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन विभाग के 100 से अधिक संविदा कर्मी नौकरी छोड़ चुके हैं। उनके आंदोलन पर जाने से बिजली सप्लाई व्यवस्था ठप हो सकती है।