दतिया। हरियाली तीज (सावन तीज) के पावन अवसर पर शनिवार को दतिया के लाला के ताल के पास स्थित प्रसिद्ध रतन सेठ की बगिया में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार भव्य पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। मेले में भगवान शिव की अनोखी झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
रतन सेठ की बगिया में बर्फ से भगवान शंकर की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं बगिया में विराजमान प्राचीन रत्नेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।
बर्फ के शंकर जी बने आकर्षण का केंद्र
हरियाली तीज के अवसर पर बर्फ से निर्मित भगवान शंकर की झांकी ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। श्रद्धालुओं ने बर्फ के शंकर जी और रत्नेश्वर महादेव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले में शिव भक्ति के साथ दतिया की पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। सावन की हरियाली और धार्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस मेले में उत्सव का माहौल बना रहा।
हजारों श्रद्धालु पहुंचे मेले में
रतन सेठ की बगिया में आयोजित मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे। लोगों ने भगवान शिव के दर्शन किए और मेले का आनंद लिया। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और सावन के उल्लास का यह संगम दतिया में हरियाली तीज के उत्सव को खास बना गया।