नीमच। सावन के पावन अवसर पर रविवार को नीमच में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बगीचा नंबर 10 एवं 13 के रहवासियों द्वारा आयोजित कांवड़ यात्रा में करीब 200 महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कांवड़ियों ने किलेश्वर महादेव मंदिर से पवित्र जल लेकर मुक्तेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
यात्रा की शुरुआत किलेश्वर महादेव मंदिर से हुई। श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कांवड़ में धारण किया और ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ मुक्तेश्वर धाम की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर रहा।
मुक्तेश्वर धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने किलेश्वर महादेव से लाए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं परिवार तथा समाज के कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।