कुकड़ेश्वर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुकड़ेश्वर नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नगर में जगह-जगह तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 8 बजे नगर के विभिन्न शासकीय एवं अर्धशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। यहां से विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ब्राह्मण मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, जैन मोहल्ला, मालवी मोहल्ला, रंगारा चौक, तमोली चौक, नीम चौक, बाजार, सदर बाजार एवं बस स्टैंड से होकर पुनः विद्यालय परिसर पहुंची।
बैंड-बाजे की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित कदमताल करते हुए आगे बढ़े। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
रैली के विद्यालय परिसर पहुंचने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सोनाली उज्ज्वल पटवा, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
पीएम श्री कन्या विद्यालय को मिला सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का पुरस्कार-
समारोह के दौरान पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुकड़ेश्वर की छात्राओं को सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को मिठाई वितरित की गई।
सरकारी कार्यालयों में भी शान से लहराया तिरंगा-
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुकड़ेश्वर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तहसील कार्यालय, शासकीय समितियों एवं सोसायटियों, नगर पंचायत, पुलिस थाना कुकड़ेश्वर सहित अन्य संस्थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस दौरान मिठाई का वितरण भी किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान कुकड़ेश्वर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश गूंजता रहा। भव्य तिरंगा रैली और विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस नगरवासियों के लिए उत्साह, गौरव और राष्ट्रप्रेम से भरा यादगार अवसर बन गया।