नीमच। शहर के प्रमुख एवं बड़े खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर मैदान बचाओ समिति ने एक बार फिर आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में समिति सदस्यों एवं खिलाड़ियों की मौजूदगी में समिति ने सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू को ज्ञापन सौंपकर हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के मैदान को सुरक्षित रखने तथा वहां संचालित पीएम श्री विद्यालय को यथावत रखने की मांग की।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि यह मैदान केवल खेल गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों, स्कूली खेल प्रतियोगिताओं और खेल ट्रायल सहित अनेक आयोजनों के लिए शहर का प्रमुख एवं सुलभ मैदान है। समिति ने मांग की कि मैदान को प्रभावित किए बिना सांदीपनी (सीएम राइज) स्कूल के निर्माण के लिए किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन किया जाए।
समिति के अनुसार प्रस्तावित व्यवस्था से पीएम श्री विद्यालय, कन्या विद्यालय और शहर का महत्वपूर्ण खेल मैदान प्रभावित हो सकता है। समिति ने पीएम श्री परिसर में करीब 25 लाख रुपए की लागत से हुए निर्माण कार्य का उल्लेख करते हुए भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही शहर के बीचों-बीच सांदीपनी स्कूल बनने से बढ़ने वाले यातायात दबाव और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका भी ज्ञापन में जताई गई।
सांसद जी तक पहुंचाएंगे आपकी बात-
ज्ञापन प्राप्त करते हुए सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू ने कहा कि समिति द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं एवं मांगों से सांसद सुधीर गुप्ता को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति और खिलाड़ियों की भावनाओं को सांसद तक पहुंचाते हुए इस विषय को उचित स्तर पर रखा जाएगा।
समिति ने स्पष्ट किया कि वह विकास विरोधी नहीं है। उसकी मांग है कि सांदीपनी स्कूल के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए, ताकि आधुनिक विद्यालय का निर्माण भी हो और नीमच का ऐतिहासिक खेल मैदान, पीएम श्री विद्यालय तथा कन्या विद्यालय भी सुरक्षित रह सकें।