मुरैना। बिजली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर क्षितिज दीक्षित मुरैना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाप्रबंधक मुरैना कार्यालय में सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें रिकवरी को बढ़ाने के निर्देश दिए, वहीं जो बकायदार है उनके कनेक्शन विच्छेद करने की बात कही। इसके बाद एमडी क्षितिज दीक्षित पूरे अमले के साथ आकस्मिक निरीक्षण के लिए बाजारों में पहुंच गए। उन्होंने पहले गांधी कालोनी की शर्मा गली में एक बकायदार के घर पहुंचे। यहां भरोसीराम पाराशर के घर पहुंचे, जिन पर 4 लाख 95 हजार रुपये का बिल बकाया है। इनके कनेक्शन की स्थिति देखी और अधिकारियों को सर्विस लाइन निकालने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला अस्पताल के सामने लक्ष्मीनारायण की दुकान पर पहुंचे। जहां 8 लाख 60 हजार रुपये का बिल बकाया था। इसके बगल से ही पापुलर मेडिकल स्टोर पर गए, जिस पर 6 लाख 87 हजार रुपये का बिल बकाया था। जहां उन्होंने संबंधित उपभोक्ताओं से बिल जमा न करने की स्थिति जानी। वहीं अधिकारियों को केस बनाकर कुर्की जैसी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एमडी माल गोदाम रोड पर आयल मिल पर पहुंचे, जहां दिलीप गांगिल के नाम से कनेक्शन था। यहां 4 लाख 21 हजार रुपये का बिल बकाया था। घर से कोई नहीं निकला। जिस पर अधिकारियों को सख्त निर्देश देकर वह चले गए। इस दौरान महाप्रबंधक बी.एस. दांगी भी उनके साथ रहे।