अशोकनगर। मध्यप्रदेश तीर्थ स्थल के लिए विख्यात अशोकनगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां जानकी माता मंदिर करीला धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को सीता रसोई के माध्यम से 10 रूपये में भरपेट भोजन प्रसादी के रूप में उपलब्ध हो सकेगा। इस नई व्यवस्था से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। यह बात मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने गुरुवार को गुरूपूर्णिमा के पावन अवसर पर करीला धाम में आयोजित सीता रसोई के शुभारंभ अवसर पर कहीं।
कार्यक्रम में विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मां जानकी माता मंदिर करीला धाम में जिला प्रशासन द्वारा पहल कर सीता रसोई की सौगात श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई है। सीता रसोई में सभी के सहयोग से स्वच्छ एवं स्वादिष्ट भोजन श्रद्धालुओं को कम कीमत में उपलब्ध हो सकेगा। करीला धाम परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि करीला धाम के संपूर्ण विकास के लिए काफी कार्य कराये जा रहे हैं। जिससे दूर-दूराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हो सके। उन्होंने सीता रसोई में संचालन में सभी का सहयोग दिए जाने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि आज का दिन बड़े सौभाग्य का दिन है। करीला धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जगत जननी पालनहार के दरबार में सीता रसोई का शुभारंभ किया गया। सीता रसोई के माध्यम से करीला धाम आने वाले श्रद्धालुओं को कम कीमत में अच्छा और स्वादिष्ट भोजन मिलेगा। सीता रसोई के निरंतर संचालन के लिए सभी का सहयोग रहेगा।