रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल पर 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, सम्मान, निष्ठा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल के विभिन्न कार्यालयों, स्टेशनों, कार्यशालाओं, मरम्मत इकाइयों एवं चिकित्सा संस्थानों में भी राष्ट्रध्वज फहराया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रतलाम के प्रांगण में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अमित मिश्रा के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल की परेड का निरीक्षण किया गया तथा परेड की सलामी ली गई।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया तथा रतलाम मंडल की उपलब्धियों की जानकारी दी।
46 रेलकर्मियों और 11 विद्यार्थियों का सम्मान-
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 46 रेल कर्मचारियों, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ क्विज प्रतियोगिता के विजेता रेलकर्मियों तथा रेलवे स्कूल के 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों ने आईआईटी मद्रास द्वारा संचालित ‘इंट्रोडक्शन टू डेटा साइंस एंड एआई’ का आठ सप्ताह का पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया है। समारोह के दौरान रतलाम मंडल की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
रेलवे महिला कल्याण संगठन ने भी मनाया स्वतंत्रता दिवस-
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, रतलाम मंडल की अध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा उपस्थित रहीं। इसके अलावा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) कुंजीलाल मीना, सभी शाखाधिकारी, अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी समारोह में सहभागिता की।
पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित अरुणोदय बाल मंदिर में बच्चों ने मंडल रेल प्रबंधक एवं डॉ. अर्चना शर्मा का स्वागत किया। डॉ. अर्चना शर्मा ने बाल मंदिर परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और उन्हें उपहार वितरित किए गए। डॉ. अर्चना शर्मा ने रेलवे चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। साथ ही ग्रुप ‘डी’ कर्मचारियों को कंबल तथा मंडल कार्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर उनका सम्मान किया।
मंडल के सभी प्रमुख स्थानों पर फहराया तिरंगा-
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल कार्यालय के मुख्य समारोह के साथ ही रतलाम मंडल के इंदौर, उज्जैन एवं रतलाम सहित विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं, मरम्मत इकाइयों, मंडल रेलवे चिकित्सालय एवं चिकित्सा इकाइयों में भी उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया।
इंदौर रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में हर्षाेल्लास के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। पूरे रतलाम मंडल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं सेवा भावना का उत्साहपूर्ण वातावरण नजर आया।