चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) और अलवर के विजयनगर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोनों स्थानों पर वे कुल 11,921 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। निंबाहेड़ा में वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे, जबकि अलवर में युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
निंबाहेड़ा में 21 फीट ऊंची अटल प्रतिमा का करेंगे अनावरण-
अमित शाह सुबह करीब 11:40 बजे निंबाहेड़ा पहुंचेंगे। यहां जेके सर्किल पर विकसित किए गए मिनी अटल स्मारक में अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। करीब 4 हजार किलो अष्टधातु से निर्मित इस प्रतिमा को 8 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है। प्रतिमा का निर्माण जयपुर के कारीगरों द्वारा किया गया है।
मिनी स्मारक परिसर में प्रतिमा के अलावा दो अन्य प्लेटफॉर्म भी बनाए गए हैं। एक प्लेटफॉर्म पर वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान हुए पोकरण परमाणु परीक्षण की झलक प्रस्तुत की गई है, जबकि दूसरे प्लेटफॉर्म पर उन्हें विभिन्न मुद्राओं में भाषण देते हुए दर्शाया गया है।
5659 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
प्रतिमा अनावरण के बाद अमित शाह डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय पीजी कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान निंबाहेड़ा क्षेत्र में करीब 5659 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।
निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। अमित शाह उदयपुर से निंबाहेड़ा के जेके आईटीआई परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ कार्यक्रम स्थल जाएंगे।
जनसभा के लिए तीन विशाल डोम तैयार-
जनसभा को लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय पीजी कॉलेज के खेल मैदान में तीन विशाल डोम तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंच गौरव योजना, सहकारिता विभाग एवं ‘लोकल फॉर वोकल’ से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। अमित शाह इन प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। समारोह के दौरान भारत माता उद्यान, कमल स्मृति उद्यान, भारत माता की प्रतिमा और वीरांगना पन्नाधाय की प्रतिमा सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा नए कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
अलवर में 6262 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
निंबाहेड़ा कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर करीब 3 बजे अलवर के विजयनगर ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां वे करीब 6262 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना की राशि किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इसके साथ ही 10,580 युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
शनिवार रात उदयपुर पहुंचे अमित शाह-
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचे थे। यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया। रविवार को उदयपुर से निंबाहेड़ा और इसके बाद अलवर के विजयनगर में उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।