नीमच। सेवा के पर्व को सार्थक करते हुए जेएसजी आईएफ संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को उड़ान ग्रुप नीमच की ओर से चौरड़िया हॉस्पिटल परिसर स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। ‘रक्तदान जीवनदान’ के संदेश के साथ आयोजित शिविर में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में योगदान दिया।
शिविर की खास बात रही कि रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण किया गया और योग्य पाए जाने पर ही रक्तदान कराया गया। रक्तदान करने वाले सदस्यों को डोनर कार्ड एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है। इसी भावना के साथ संगठन द्वारा सेवा कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। शिविर रविवार शाम तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर संरक्षक मुकेश आंचलिया, संस्थापक अध्यक्ष आशा सांभर, अध्यक्ष डॉ. एम.एल. जैन, घनश्याम बाफना, दिलीप मोगरा, भावना कांठेड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
स्थापना दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि संगठन की पहचान केवल उत्सव मनाने से नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज और मानवता के काम आने वाली सेवा भावना से बनती है।