मनासा। मंगलवार को नगर के सदर बाजार स्थित सराफा व्यापारी कैलाशचंद्र सोनी की दुकान से एक व्यक्ति और दो महिलाओं ने मौका पाकर 58 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी की वारदात के बाद मनासा थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात भी बरामद कर लिए।
पुलिस की तत्परता से संतुष्ट होकर गुरुवार दोपहर 2 बजे मनासा सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नीमच एसपी अंकित जायसवाल और मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी का शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद रात्रि 8 बजे सराफा व्यापारी संगठन के सदस्य मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के निवास पहुंचे और उनका भी स्वागत एवं सम्मान किया।
संघ अध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि विधायक महोदय के सक्रिय हस्तक्षेप और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते ही यह कार्रवाई इतनी शीघ्रता से संभव हो पाई। आज मनासा का व्यापारी समाज स्वयं को सुरक्षित और आश्वस्त महसूस कर रहा है।