सनावद। स्थानीय कृषि उपज मंडी में मंडी सचिव के मनमाने रवैये के कारण उत्पन्न गतिरोध को समाप्त करने के लिए विधायक सचिन बिरला,अनाज व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। विधायक ने अनाज व्यापारियों को आश्वस्त किया कि मंडी सचिव को शीघ्र ही स्थानांतरित किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के उपरांत अनाज व्यापारियों ने 28 जुलाई से मंडी में खरीदी का कार्य शुरू करने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान विधायक ने दूरभाष पर कृषि उपज मंडी के एमडी कुमार पुरुषोत्तम से विस्तारपूर्वक चर्चा की और मंडी सचिव लक्ष्मणसिंह ठाकुर की विवादास्पद कार्यशैली के कारण व्यापारियों को हो रही परेशानी तथा आर्थिक हानि से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि मंडी सचिव के तुगलकी फैसलों के कारण सनावद अनाज मंडी में पिछले 15 दिनों से कामकाज बंद है। इस कारण क्षेत्र के किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं बैठक में एसडीएम,तहसीलदार और सनावद तथा बेड़िया के अनाज व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
अनाज व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमचंद जैन ने कहा कि मंडी सचिव की मनमानी के कारण मंडी में खरीदी का कार्य अत्यंत कठिन हो गया है। मंडी सचिव द्वारा नियमविरुद्ध तरीके से व्यापारियों पर भारी भरकम जुर्माना थोपा जा रहा है और व्यापारियों को लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दी जा रही है।
विधायक ने व्यापारियों की शिकायतों को वाजिब बताते हुए कहा कि मंडी सचिव के मनमाने फैसलों के कारण व्यापारियों और किसानों को हो रही परेशानी से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और मंडी सचिव को 20 दिवस के भीतर हटा दिया जाएगा। बैठक में अनाज व्यापारी नीरज माहेश्वरी,रामप्रकाश चौधरी, सहित बड़ी संख्या में अनाज व्यापारी उपस्थित थे।