मंदसौर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मंदसौर के कॉलेज ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सुबह 9.05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपमुख्यमंत्री ने मुख्य परेड का निरीक्षण किया।
समारोह के दौरान प्लाटून कमांडरों ने हर्ष फायर किया। विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासित कदमताल के साथ मार्चपास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन भी किया गया।
500 से अधिक विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां-
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह में राष्ट्रभक्ति का रंग भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को लेकर समारोह स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद-
समारोह में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक विपिन जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, पूर्व मंत्री कैलाश चावला एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम-
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कॉलेज ग्राउंड एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर में तिरंगे की सजावट और देशभक्ति के माहौल के बीच नागरिकों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह नजर आया।