नीमच। तिरंगे की शान, जवानों की अनुशासित कदमताल, देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां और भारत माता के जयकारों से शनिवार को नीमच का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में शौर्य, अनुशासन, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
तिरंगे की शान में गूंजा राष्ट्रगान, जवानों ने दी सलामी-
मुख्य समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करने के साथ हुई। इसके बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया। ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान हर्ष फायर, परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय तथा मार्च पास्ट हुआ। मुक्त आकाश में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए, जिसने समारोह के उत्साह को और बढ़ा दिया।
जवानों की कदमताल ने बढ़ाया राष्ट्रगौरव-
समारोह में सीआरपीएफ, एसएएफ, जिला पुलिस बल के महिला एवं पुरुष जवान, होमगार्ड, वनरक्षक, एनसीसी सीनियर दल, शौर्य दल, रेडक्रॉस तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। सभी दलों ने अनुशासित कदमताल के साथ मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच जवानों और विद्यार्थियों की कदमताल ने समारोह स्थल पर जोश और राष्ट्रगौरव का माहौल बना दिया। दर्शक दीर्घा में मौजूद लोगों ने भी तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र रक्षकों का सम्मान-
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र रक्षकों का पुष्पमाला, श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया। देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा में योगदान देने वाली विभूतियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके संघर्ष एवं त्याग को याद किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्तव्ययोगियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित होने वालों के चेहरे पर गर्व और उत्साह नजर आया।
मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ लाइव प्रसारण-
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। संदेश के माध्यम से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अपने संबोधन में जिले में किए जा रहे विकास कार्यों और प्रशासन की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने जिले के विकास में आमजन की सहभागिता और जनसेवा की भावना को महत्वपूर्ण बताया।
पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां-
इसके बाद मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन के माध्यम से अनुशासन, समन्वय और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा रहा पूरा परिसर-
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 का पूरा परिसर तिरंगे की रंगत में नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थी, अनुशासित कदमताल करते जवान और देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आजादी के पर्व को यादगार बना रही थीं। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं जवान, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम का संचालन राजेश पाटीदार एवं मंजूला धीर ने किया। नीमच में आयोजित जिला स्तरीय समारोह ने एक बार फिर देश की एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूती से सामने रखा।