नीमच। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, नीमच द्वारा शहीद पार्क में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिषद के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह परिहार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, परिषद के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
पूर्व सैनिकों ने शहीदों के त्याग, साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा का संकल्प दोहराया। शहीद पार्क में तिरंगे की शान और वीर शहीदों की स्मृतियों के बीच मनाया गया स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दे गया।