दूदरसी। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय दूदरसी में स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरपंच और उपसरपंच ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय तिरंगा फहराकर ध्वज को प्रणाम किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माध्यमिक विद्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगे और बैनर लेकर प्रभातफेरी निकाली। छात्र-छात्राएं भारत माता की जय के नारे लगाते हुए गांव की गलियों से गुजरे। प्रभातफेरी प्राथमिक विद्यालय पहुंची, जहां प्राथमिक स्कूल के विद्यार्थी भी इसमें शामिल हुए। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए देशभक्ति के नारों से माहौल को गुंजायमान कर दिया और वापस प्राथमिक विद्यालय पहुंचे।
विद्यालय परिसर में सरपंच एवं उपसरपंच के मुख्य आतिथ्य में दोबारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। बालिकाओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने भारतीय परंपरा, संस्कृति, धर्म और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नकद पुरस्कार भी प्रदान किए।
संस्कारों पर आधारित नाटक ने किया भावुक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संस्कारों पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में दिखाया गया कि एक दिव्यांग बालक हिंदी माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर बड़ा अधिकारी बनता है और अपने माता-पिता की सेवा करता है। वहीं दूसरी ओर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करने वाला छात्र बड़ा व्यक्ति बनने के बाद अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम छोड़ देता है। बड़े होकर दोनों की मुलाकात होती है और वे एक-दूसरे को अपने जीवन की घटनाओं से अवगत कराते हैं। नाटक के संदेश और प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से सराहना की और विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को मंचीय कार्यक्रम के लिए तैयार करने में शिक्षकों ने काफी मेहनत की। कार्यक्रम की सफलता पर गुरुजनों ने संतोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी शिक्षकों के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, उप स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक नंदलाल पाटीदार ने किया, जबकि आभार माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित की गई।