मंदसौर। नशे के दुष्परिणामों को लेकर जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नशे से दूरी है जरूरी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंदसौर जिले में भी पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के निर्देशन में लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रविवार को बंजारी बालाजी जनसेवा न्यास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद ने समिति पदाधिकारियों, विद्यालय के विद्यार्थियों और आमजन को नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशे के गंभीर सामाजिक और शारीरिक दुष्परिणामों से अवगत कराया और लोगों से अपील की कि वे स्वयं के साथ अपने परिवारजनों व मित्रों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अंशुल बैरागी, जनसेवा न्यास के पदाधिकारी, विद्यालयों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।