नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र नीमच ने रविवार को बड़े हर्षाेल्लास के साथ अपना 41वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर मेहता स्टेडियम में रंगारंग और भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ग्रुप केंद्र के डीआईजी सुरेंद्र कुमार ने किया। कार्यक्रम में कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट विजय, कमांडेंट जितेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
मेले में सजी स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें-
मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों और घरेलू सामान की दुकानें सजाई गईं, जहां जवानों के परिवारों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक खरीदारी की और खाने-पीने का आनंद लिया। इस दौरान महिला, पुरूष व बच्चों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। जवानों के परिवारों के चेहरे छाई मुस्कान ने सभी का मन मोह लिया।
विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं हुई-
सीआरपीएफ परिसर में 41वें स्थापना दिवस के मौके पर माहौल को और जीवंत बनाने के लिए कई मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें स्पून रेस, म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, दौड़ और अन्य गतिविधियां शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में महिलाओं व बच्चों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। अंत में सभी विजेताओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वीर जवानों के परिवारों का किया सम्मान-
इस अवसर पर डीआईजी सुरेंद्र कुमार ने एक विशेष पहल करते हुए सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिजनों को आमंत्रित किया। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए इन वीर जवानों के परिवारों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। डीआईजी ने अपने संबोधन में कहा कि सीआरपीएफ हमेशा अपने शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है और उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
देशभक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर हुआ मेहता स्टेडियम-
स्थापना दिवस का यह कार्यक्रम न केवल सीआरपीएफ परिवार के आपसी संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम बना, बल्कि स्थानीय समुदाय और बल के बीच सौहार्द और सहयोग की भावना को भी प्रगाढ़ करने वाला साबित हुआ। पूरे आयोजन के दौरान मेहता स्टेडियम देशभक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर रहा।