नीमच। स्वतंत्रता दिवस से पहले नीमच पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 13-14 अगस्त की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की चेकिंग, होटल-लॉज व ढाबों की जांच सहित अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
130 वारंट तामील, 39 स्थायी और 91 गिरफ्तारी वारंट-
अभियान के दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 130 वारंट तामील कराए गए। इनमें 39 स्थायी वारंट एवं 91 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी का एक, शरीर संबंधी अपराधों के 52 तथा चोरी-लूट सहित संपत्ति संबंधी अपराधों के 15 वारंट शामिल रहे।
250 से अधिक वाहनों की जांच, 61 पर चालानी कार्रवाई-
जिले में 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग पॉइंट लगाए गए। इस दौरान 250 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 61 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 26,700 रुपये समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
116 निगरानी बदमाशों और 5 जिला बदर की चेकिंग-
पुलिस टीमों ने रात के दौरान 116 सक्रिय निगरानी बदमाशों एवं गुंडों तथा 5 जिला बदर आरोपियों की औचक चेकिंग की। पुलिस ने उनके वर्तमान निवास, उपस्थिति और आजीविका के स्रोतों की जानकारी भी जुटाई।
56 होटल, लॉज और ढाबों की जांच-
अवैध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले के 56 होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई। संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
44 लीटर अवैध शराब जब्त, सट्टे के 3 मामले दर्ज-
आबकारी अधिनियम के तहत 9 प्रकरण दर्ज कर करीब 44 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 4,300 रुपये बताई गई है। वहीं सट्टा एक्ट के तहत 3 प्रकरणों में 740 रुपये नकद बरामद किए गए।
41 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई-
कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों की रोकथाम के लिए 41 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही एटीएम सहित सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।