नीमच। राष्ट्रप्रेम को जनभागीदारी से जोड़ने वाली तिरंगा वाहन रैली की परंपरा इस वर्ष भी जारी रहेगी। “हमारा राष्ट्र, हमारा गौरव” के संदेश के साथ 15 अगस्त को नीमच में लगातार छठे वर्ष तिरंगा उत्सव समिति द्वारा भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के माध्यम से शहरवासी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का सामूहिक संदेश देंगे।
तिरंगा वाहन रैली 15 अगस्त को सुबह 11:15 बजे लॉयन्स पार्क चौराहे से प्रारंभ होगी। हाथों में तिरंगा और वाहनों पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज रैली के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल बनाएगा। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निकलेगी और भारत माता को माल्यार्पण के साथ इसका समापन किया जाएगा।
आयोजक तिरंगा उत्सव समिति के सदस्य विकास नामदेव, रवि बैरागी, अनुज चौहान एवं राकेश पटवाने ने बताया कि पिछले पांच वर्षों की तरह इस वर्ष भी आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों को राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान से जोड़ना है। लगातार छह वर्षों से आयोजित हो रही यह रैली अब नीमच में स्वतंत्रता दिवस की एक पहचान बनती जा रही है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर तिरंगे के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है। “आओ साथ चलें, तिरंगे के सम्मान में एक कदम राष्ट्र के नाम” के संदेश के साथ नागरिकों को रैली में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।