सेगांव। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रशासन एवं भाजपा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय बीआरसी प्रांगण से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बीआरसी प्रांगण से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
यात्रा के दौरान वक्ताओं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विन ठाकुर, हीरालाल पाटीदार, दिनेश मिश्रा, मुकेश पटेल, भागीरथ मंडलोई, शांतिलाल चौहान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विन ठाकुर ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया तथा नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।