भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त की शाम भोपाल के रवींद्र भवन परिसर स्थित हंसध्वनि सभागार में ‘आजादी का महापर्व’ कार्यक्रम आयोजित होगा। संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन के स्वराज संस्थान संचालनालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम शाम 6रू30 बजे शुरू होगा। इसमें पार्श्व गायिका कविता कृष्णमूर्ति और उनके साथी कलाकार देशभक्ति और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देंगे।
देशभक्ति और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में कविता कृष्णमूर्ति फिल्म ‘कर्मा’ का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ‘दिल दिया है जां भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा ‘तुमसे मिलकर न जाने क्यों’, ‘हवा हवाई’, ‘आज मैं ऊपर’, ‘मेरा पिया घर आया’, ‘प्यार हुआ चुपके से’, ‘ऐ दिल लाया है बहार’ और ‘डोला रे डोला’ जैसे लोकप्रिय गीत भी सुनने को मिलेंगे।
20 हजार से ज्यादा गीतों को दी आवाज
कविता कृष्णमूर्ति तीन दशक से अधिक समय से संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, उड़िया और मराठी समेत कई भारतीय भाषाओं में 20 हजार से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी है। उन्होंने नौशाद, आरडी बर्मन, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, एआर रहमान, बप्पी लहिरी, अनु मलिक और शंकर-एहसान-लॉय समेत कई दिग्गज संगीतकारों के निर्देशन में गीत गाए हैं।
पद्मश्री समेत कई पुरस्कार से हो चुकी हैं सम्मानित
संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए कविता कृष्णमूर्ति को वर्ष 2005 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका के लिए चार बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा उन्हें स्टार स्क्रीन अवॉर्ड, जी सिने अवॉर्ड और आईफा अवॉर्ड भी मिल चुके हैं।