नीमच। प्रदेशभर में संचालित ‘जन विश्वास अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री द्वारा जारी प्राथमिकताओं एवं दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नीमच पुलिस सक्रियता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जीरन थाने का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभिलेखों और थाने की व्यवस्थाओं को परखा-
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों का परीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, रोजनामचा सहित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड के संधारण की स्थिति देखी। इसके साथ ही हवालात एवं मालखाने की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर थाना परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश-
एसपी ने थाने में लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों के विधिसम्मत एवं शीघ्र निराकरण तथा लंबित प्रकरणों को समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक नीमच एवं थाना प्रभारी जीरन को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने की हिदायत दी।
जनसुनवाई में संवेदनशीलता बरतने पर जोर-
एसपी राजेश व्यास ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसुनवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिम्मेदारी एवं तत्परता से कार्य करने पर विशेष जोर दिया।