नीमच। हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर चल रही मुहिम अब धीरे-धीरे आंदोलन का रूप लेती जा रही है। मैदान बचाओ समिति ने शुक्रवार को बरादरी से जाजू बिल्डिंग तक हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान शहरवासियों से खेल मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने के समर्थन में हस्ताक्षर करवाए गए।
अभियान के दौरान समिति सदस्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से नागरिकों को खेल मैदान के महत्व की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। समिति के अनुसार अभियान के दौरान नागरिकों की ओर से मिल रही प्रतिक्रियाओं से मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने के प्रति व्यापक जनसमर्थन नजर आ रहा है।
जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखे जाएंगे हस्ताक्षर-
समिति सदस्यों ने बताया कि अभियान के तहत एकत्र किए जा रहे हस्ताक्षरों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत कर शहरवासियों की राय से अवगत कराया जाएगा। साथ ही, हस्ताक्षरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया एवं आंदोलन में जनसमर्थन के आधार के रूप में भी प्रस्तुत किया जाएगा।
समिति का कहना है कि यह मुद्दा केवल एक खेल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के बच्चों एवं युवाओं के खेल अधिकार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। समिति ने मैदान को बचाने के लिए जनसमर्थन जुटाने तथा आंदोलन को और व्यापक रूप देने की बात कही है।