खरगोन। देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत खरगोन शहर में भी देशभक्ति का माहौल नजर आ रहा है। इसी क्रम में सदगुरु मार्केट में जेबीसी ग्रुप की ओर से 10×15 फीट के विशाल तिरंगे को करीब 80 फीट की ऊंचाई पर फहराया गया। क्षेत्रीय विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष पवन बिल्लोरे, संतोष पाटीदार, श्री गुरु सिंह के मीत प्रधान अमरजीत सिंह छाबड़ा, नगर पालिका लोक निर्माण समिति अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, डॉ. वीरेंद्र देवड़ा, अनुराग दागी, अजीजुद्दीन शेख, शिव डोला समिति एवं महाजन समाज अध्यक्ष नींबू सेठ भंडारी, आमिर शेख रोमी, भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश संयोजक दीपक सोनी सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
विशाल तिरंगा लहराते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। लोगों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव व्यक्त किया।
हर घर तिरंगा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। आज देश उत्साह और उमंग से भरा हुआ है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अभियान में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहा है।
राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करना उद्देश्य
आयोजनकर्ता परविंदर सिंह चावला (राजू) ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सदगुरु मार्केट में 80 फीट ऊंचाई पर विशाल तिरंगा फहराने का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशसेवा की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने शहरवासियों से सदगुरु मार्केट पहुंचकर विशाल तिरंगे के साथ फोटो लेने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।