शाजापुर। रक्षाबंधन का पर्व मनाने के बाद लोग अपने काम पर और घरों को लौटने लगे हैं। सोमवार सुबह से ही शाजापुर बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।
भीड़ के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इंदौर, उज्जैन और गुना जाने वाली सभी बसें खचाखच भरी हुई हैं।
यात्रियों को बसों में बैठने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। कई लोग खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं। बस स्टैंड पर लोग घंटों से बसों का इंतजार कर रहे हैं।
बस आपरेटर कांतू सर्राफ ने बताया कि रविवार को भी रक्षाबंधन के कारण बसों में काफी भीड़ थी। सोमवार को भी सुबह से ही बसों में जगह नहीं मिल रही है।
यात्रियों को मना करने के बावजूद वे खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। बस स्टैंड पर जैसे ही कोई बस आती है, तुरंत भर जाती है।
इंदौर जा रहे यात्री सुमित ने बताया कि वह राखी बंधवाने घर आए थे और अब काम पर लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसों में काफी भीड़ है और कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
रक्षाबंधन के बाद अधिकांश लोग अपने कार्यस्थलों पर वापस लौट रहे हैं, जिससे बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है