अशोकनगर। कलेक्टर आदित्य सिंह ने सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी कक्ष, मैटरनिटी विंग, मनकक्ष, पैथोलॉजी लैब, एनआरसी और औषधि भंडार गृह सहित अलग-अलग विभागों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी लैब समय पर नहीं खुलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ऑपरेटरों के एक-एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इससे मरीजों और उनके परिजनों को रात में असुविधा नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए स्टोर रूम में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
दवाइयों के स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर सिंह ने रिकॉर्ड को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से स्टोर रूम में सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा। उन्होंने सोनोग्राफी कक्ष और टीकाकरण कक्ष में रखी टूटी हुई कुर्सियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
गैरमौजूद कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष में हाईटेक कैमरा लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को भी कहा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा और अस्पताल की व्यवस्था में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।