डबरा। ग्वालियर के डबरा में पैसे डबल की लालच में एक प्रॉपर्टी डीलर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने कारोबारी से 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बनारत तक दबिश दी, फिलहाल आरोपी फरार है।
मामला डबरा के प्रॉपर्टी कारोबारी मोनू शर्मा से जुड़ा हुआ है। मोनू शर्मा के साथ रहने वाले मनीष शर्मा ने फरियादी बनकर सिटी थाने में मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार जालसाज और प्रॉपर्टी डीलर दोनों संपर्क में आए। पहली बैठक डबरा स्थित निवास पर हुई, दूसरी बैठक ग्वालियर और तीसरी बैठक आगरा में होना बताया।
पहली मुलाकात में 5 लाख रुपये का निवेश हुआ जो दोगुनी रकम वापिस होने पर भरोसा पक्का हो गया। तब प्रॉपर्टी डीलर मनीष ने 50 लाख रुपये की रकम दोगुनी करने के लिए दे दी। हिमांशु गुप्ता, अभिषेक समेत दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। प्रॉपर्टी कारोबारी इसे 50 लाख की ठगी बता रहा है, लेकिन सूत्रों के अनुसार 2 करोड़ रुपये जालसाजों को दोगुने करने के लिए देने की बात भी सामने आ रही है।
इस पूरे मामले में सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि मनीष शर्मा ने डबरा थाने में शिकायत की है। जिसमें उन्होंने बताया कि पांच लोगों ने उनसे 50 लाख रुपये लिए। पैसे दोगुने होने का लालच देकर रुपये लेकर चंपत हो गए। शिकायत पर 420, 406 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।