उज्जैन। प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल की उपस्थिति में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा इफको टोकियो के संयुक्त सहयोग से आज कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत फसल बीमा की दावा राशि हस्तांतरण कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री टेटवाल ने अपने संबोधन में किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ लेने का आह्वान किया और कहा कि सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम में जिले के अनेक किसानों को उनकी फसल हानि पर दावा राशि प्रदान की गई।कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवानी कुँवर,जिला पंचायत सदस्य शोभाराम मालवीय,अध्यक्ष कृषि समिति अमर सिंह पटेल, बहादुर सिंह बोरमुँडला, उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग उम्मेद सिंह तोमर सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों के लिए प्रीमियम राशि 2 प्रतिशत तथा रबी फसलों के लिए प्रीमियम राशि 1.50 प्रतिशत किसानों द्वारा जमा कराई जाती है, जिसके माध्यम से उनकी फसलों का बीमा कराया जाता है। किसानों द्वारा फसल बीमा कराने के उपरांत आपदा की स्थिति में फसल की क्षति होने पर 80 प्रतिशत तक दावा राशि का भुगतान किया जाता है। रबी वर्ष 2024-2025 में जिले के 1,36,997 किसानों ने फसल बीमा कराया, जिनमें से 39,650 किसानों को कुल 47.71 करोड़ रुपये की फसल बीमा दावा राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की उपयोगिता और इसके लाभों पर जानकारी दी गई। साथ ही, प्रधानमंत्री द्वारा दावा राशि वितरण का लाइव टेलीकास्ट भी किसानों को दिखाया गया, जिससे लाभार्थी किसानों में उत्साह का माहौल रहा।