मंदसौर। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के मार्गदर्शन में मंदसौर पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का खुलासा करते हुए कुख्यात अंतरराज्यीय बावरी गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 15 अगस्त की शाम दलौदा के सर्राफा व्यापारी मनोहर सोनी से 100 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी (कुल मूल्य लगभग 13 लाख रुपये) लूट ली गई थी। घटना के बाद पुलिस ने 10 विशेष टीमों का गठन कर 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

मुखबिर की सूचना पर गारखेड़ा बायपास से बोलेरो वाहन समेत 3 आरोपियों को दबोचा गया। पूछताछ में एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार हुआ। सभी आरोपी राजस्थान के नागौर और पाली जिले के निवासी हैं और पहले से हत्या, लूट व चोरी जैसे संगीन मामलों में वांछित हैं।

पुलिस ने लूट का सोना-चांदी, बोलेरो वाहन व मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। गिरोह ने एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।