उज्जैन। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उज्जैन में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। रैलियों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उज्जैन पुलिस द्वारा आयोजित मुख्य तिरंगा रैली का नेतृत्व कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने घोड़ों पर सवार होकर किया। रैली में पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स और स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
वहीं उज्जैन नगर निगम द्वारा आयोजित दूसरी तिरंगा यात्रा शहीद पार्क से शुरू होकर फव्वारा चौक पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, स्थानीय विधायकों तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
दोनों आयोजनों में अनुशासन और जनसहभागिता देखने को मिली। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।