चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों के विधिसम्मत निस्तारण की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित एक दिवसीय मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियान के तहत जिले के 17 पुलिस थानों के 47 प्रकरणों में जब्त अवैध डोडाचूरा, गांजा, एमडीएमए एवं स्मैक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में शंभूपुरा थाना क्षेत्र के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की किलन में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है।
42 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ नष्ट-
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थ लंबे समय से पुलिस थानों के मालखानों में रखे होने से जगह की समस्या उत्पन्न हो रही थी। विधिसम्मत निस्तारण के लिए संबंधित थानों से प्रस्ताव प्राप्त कर आवश्यक रिकॉर्ड तैयार किया गया। न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं आवश्यक निर्णय के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कुल 47 प्रकरणों में 42 क्विंटल 8 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ तथा गांजे के 400 पौधे नष्ट किए गए।
इनमें 39 प्रकरणों में 42 क्विंटल 5 किलोग्राम 183 ग्राम डोडाचूरा, 4 प्रकरणों में 1 किलोग्राम 175 ग्राम गांजा, एक प्रकरण में 123 ग्राम एमडीएमए, एक प्रकरण में 56 ग्राम हेरोइन तथा दो प्रकरणों में 1.582 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ एवं 400 गांजे के पौधे शामिल हैं।
17 थानों के मामलों में कार्रवाई-
नष्टीकरण की कार्रवाई कोतवाली चित्तौड़गढ़, सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, बस्सी, आकोला, रावतभाटा, बेगूं, पारसोली, भूपालसागर, शंभूपुरा, बिजयपुर, कनेरा, चंदेरिया, बड़ीसादड़ी, जावदा एवं भदेसर थानों के कुल 47 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के संबंध में की गई।
वजन, सत्यापन और नष्टीकरण की वीडियोग्राफी-
नष्टीकरण से पूर्व संबंधित प्रकरणों के रिकॉर्ड का मिलान किया गया तथा जब्त मादक पदार्थों का विधिवत वजन किया गया। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वजन, सत्यापन एवं नष्टीकरण की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह, डीएसपी भदेसर विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज सहित संबंधित 17 थानों के थानाधिकारी, मालखाना प्रभारी, नॉन एसआर शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार एवं पुलिस कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
अल्ट्राटेक सीमेंट के एचआर हेड नितेश राठी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धीरेन्द्र राठौड़ एवं पर्यावरण विभाग के नरेन्द्र भट्ट सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। चित्तौड़गढ़ पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों के विधिसम्मत निस्तारण, मालखाना प्रबंधन एवं प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।