प्रतापगढ़। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर मुक्ति धाम स्थित दादा भैरवनाथ एवं मसान वाली महाकाली माता के दरबार में भव्य श्रृंगार एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे धार्मिक वातावरण और भी मनमोहक नजर आया।
सुबह माता रानी का विशेष श्रृंगार कर उन्हें हरे वस्त्र, फूलों की मालाएं एवं विभिन्न श्रृंगार सामग्री अर्पित की गई। इसके बाद विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुतियां दीं और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
हरियाली अमावस्या के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। हवन के पश्चात श्रद्धालुओं ने मालपुए का प्रसाद चढ़ाकर भक्तों में वितरित किया।
इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय महाकाली, जय भैरवनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, दादा भैरवनाथ एवं मसान वाली महाकाली माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार प्रसाद चढ़ाते हैं और उसे भक्तों में वितरित करते हैं। हरियाली अमावस्या पर भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजन में सहभागिता की।