पिछोर। भौंती थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव के बनियापुरा मजरे में सरकारी रास्ते पर कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर दो ग्रामीण मोबाइल टावर पर चढ़ गए, जबकि उनके समर्थन में अन्य ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
टावर पर चढ़े ग्रामीण रामदास लोधी ने बताया कि बनियापुरा मजरे में करीब 25 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार मजरे से बाहर आने-जाने के लिए दो सरकारी रास्ते हैं, लेकिन गांव के बाहर कुछ खेत मालिकों द्वारा इन रास्तों पर कब्जा कर लिया गया है। रास्ते बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भौंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक दोनों युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए। बाद में अधिकारियों की समझाइश और बातचीत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतार लिया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है।