नीमच। हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर भारत माता के जयघोष और कदमों में राष्ट्रभक्ति का जोश- गुरुवार को नीमच की सड़कों पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकली जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में करीब ढाई हजार नागरिकों ने एक साथ कदम बढ़ाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि पहचान और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन तिरंगे के नीचे पूरा देश एक है।
तिरंगों के सैलाब में बदलीं शहर की सड़कें-
जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद स्मारक, ज्ञान मंदिर महाविद्यालय एवं दशहरा मैदान से हुआ। यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, व्यापारी, कर्मचारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा थामे लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। जैसे-जैसे यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी, सड़कों पर तिरंगों का सैलाब नजर आने लगा और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
सर्वसमाज की भागीदारी ने दिया एकता का संदेश
तिरंगा यात्रा में सर्वसमाज की उल्लेखनीय भागीदारी रही। अलग-अलग वर्गों और संगठनों से जुड़े लोगों ने एक साथ कदम मिलाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन-
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रभक्ति की भावना प्रदर्शित करना ही नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी रहा। यात्रा ने नागरिकों को आजादी के संघर्ष और उसमें दिए गए अनगिनत बलिदानों का स्मरण कराया। तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी बढ़ाया उत्साह-
तिरंगा यात्रा में विधायक दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, माधव मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं एसपी राजेश व्यास सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आमजन के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की।
समाजसेवी अशोक अरुल अरोरा ने किया स्वागत-
तिरंगा यात्रा के मार्ग में शहरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। समाजसेवी अशोक अरुल अरोरा गंगानगर सहित विभिन्न संगठनों ने तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों का उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
भारत माता की आरती और राष्ट्रगान से हुआ समापन-
तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यहां भारत माता की आरती की गई और सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा माहौल भावपूर्ण हो गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया।