चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में अंतर सदनीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल के निर्देशन में संपन्न हुई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ सदनों की टीमों ने भाग लिया। इसमें कक्षा 7वीं से 11वीं तक के कैडेट्स ने हिस्सा लिया। विभिन्न सदनों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सीनियर वर्ग के सेमीफाइनल में जयमल हाउस ने प्रताप हाउस तथा लव हाउस ने कुश हाउस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में लव हाउस ने जयमल हाउस को हराकर खिताब अपने नाम किया।
जूनियर वर्ग के सेमीफाइनल में लव हाउस ने जयमल हाउस तथा प्रताप हाउस ने कुश हाउस को हराया। फाइनल में प्रताप हाउस ने लव हाउस को पराजित कर जूनियर वर्ग की चैंपियनशिप जीती।
प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के बेस्ट वॉलीबॉल प्लेयर का खिताब लव हाउस के कैडेट रविन्द्र तथा जूनियर वर्ग में कुश हाउस के कैडेट राजपाल सिंह यादव को मिला। समग्र प्रदर्शन के आधार पर लव हाउस ने चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि प्रताप हाउस उपविजेता रहा।
मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं संघर्ष की क्षमता विकसित करते हैं। वॉलीबॉल हमें सिखाता है कि सफलता के लिए पूरी टीम का एक-दूसरे पर विश्वास और सामूहिक प्रयास जरूरी है।
प्रतियोगिता के संयोजक अमित कुमार झा रहे। रेफरी की भूमिका सीएचएम मुनबुल नरजरी एवं पीटीआई हवलदार एम. नवीन कुमार ने निभाई। मुख्य अतिथि ने विजेता लव हाउस को ट्रॉफी प्रदान कर कैडेट्स को बधाई दी।