भोपाल। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और इंदर सिंह परमार अब अपने गृह जिले सीहोर और शाजापुर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए चीफ गेस्ट नहीं होंगे। वहीं सीहोर में इस आयोजन की चीफ गेस्ट पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर होंगी।
जबकि शाजापुर में कलेक्टर मुख्य अतिथि होंगे। जीएडी के नए आदेश के बाद मंत्री परमार अब पन्ना में चीफ गेस्ट होंगे। वहीं मंत्री विश्वास सारंग अब खरगोन के बजाय नर्मदापुरम जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग ने दो दिन पहले प्रदेश के सभी 55 जिला मुख्यालयों में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों तथा कलेक्टरों के मुख्य अतिथि होने के आदेश जारी किए थे। अब इस आदेश में बदलाव करते हुए सात जिलों के चीफ गेस्ट बदले गए हैं।
इसमें चार मंत्रियों के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने वाले जिले बदले गए हैं। साथ ही तीन जिलों में जहां पहले मंत्री ध्वजारोहण करने वाले थे वहां अब कलेक्टर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के चीफ गेस्ट होंगे।
इन चार मंत्रियों के जिले बदले
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को 11 अगस्त को जारी जीएडी के आदेश में सीहोर जिले का मुख्य अतिथि बनाया गया था लेकिन अब उन्हें हरदा जाना होगा। वे 14 अगस्त को हरदा में ध्वजारोहण करेंगे। इसी तरह विश्वास सारंग को खरगोन का चीफ गेस्ट बनाया गया था और अब खरगोन में कलेक्टर मुख्य अतिथि होंगे तथा सारंग नर्मदापुरम के मुख्य अतिथि होंगे। इंदर सिंह परमार को शाजापुर जिले का चीफ गेस्ट बनाया गया था जो उनका गृह जिला है लेकिन अब उन्हें पन्ना भेजा गया है।
परमार पन्ना में ध्वजारोहण कार्यक्रम के अतिथि होंगे। शाजापुर में अब कलेक्टर मुख्य अतिथि होंगे। वहीं कृष्णा गौर को टीकमगढ़ में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया गया था जिसे अब बदल दिया गया है। वे अब सीहोर की चीफ गेस्ट होंगी। दूसरी ओर टीकमगढ़ में अब कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे।