शाजापुर। जिले के बेहरावल स्थित सुभाष चौक पर प्राचीन बाबा डोलनाथ मंदिर इन दिनों सावन माह के चलते श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर में सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां मां अंबे और हनुमान जी के मंदिर भी स्थित हैं।
लेकिन मंदिर के मुख्य द्वार से मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर गंदगी का अंबार लगा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे फैली गंदगी और कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं का कहना है कि वे प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए इसी मार्ग से होकर मंदिर पहुंचते हैं। लंबे समय से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण बद्री प्रसाद चेयरमैन ने बताया कि मंदिर मार्ग पर लगातार गंदगी रहने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में प्रशासन और नगर पालिका को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि सावन माह को देखते हुए मंदिर मार्ग की तत्काल सफाई करवाई जाए और भविष्य में दोबारा गंदगी न फैले, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिर पहुंचकर दर्शन कर सकें।