खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम बड़गांव में स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को रात के समय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर ग्रामीण कसरावद पहुंचे और जनपद पंचायत की सीईओ रीना किराड़ को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि नर्मदा नदी गांव के समीप होने के कारण क्षेत्र में जंगली जानवरों का आवागमन बना रहता है। रात के समय गांव में अंधेरा रहने से लोगों में भय का माहौल रहता है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि रात के समय आवागमन में सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सके।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने लंबे समय से बंद पड़े ट्यूबवेल को दोबारा चालू कराने की मांग भी रखी। जनपद पंचायत सीईओ रीना किराड़ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि 5 से 6 दिनों के भीतर गांव में स्ट्रीट लाइट चालू करवाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बंद ट्यूबवेल को भी चालू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के आश्वासन के बाद जल्द समस्या के समाधान की उम्मीद जताई है।