खरगोन। नगर परिषद कसरावद के चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल की गई। नगर परिषद की ओर से शासकीय कन्या विद्यालय क्रमांक 1, 2 एवं 3 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को नोटबुक एवं कॉपियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती विमल राजेंद्र यादव एवं पार्षदगण मौजूद रहे। अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य है कि नगर के सभी बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता के साथ-साथ कसरावद का नाम भी रोशन करें। विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें पढ़ाई में सुविधा देना और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा आगामी समय में भी विद्यालयों से जुड़ी आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं शौचालय जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
नोटबुक वितरण के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष विमल यादव, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह यादव, पार्षद प्रतिनिधि शाहिद हेडली, शुभम कुशवाह सहित पार्षदगण एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।