गुना। शहर में राठौर समाज द्वारा राष्ट्रीय वीर दुर्गादास जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में राठौर समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा शहर वीर दुर्गादास जी के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा की शुरुआत हनुमान गली स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुई। इसके बाद जुलूस नई सड़क, बताशा गली, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज होते हुए नारायणा गार्डन पहुंचा, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया।
आयोजन के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने वीर दुर्गादास जी के आदर्शों और उनके योगदान को याद करते हुए समाज की एकता, शिक्षा और संस्कारों को मजबूत करने का संदेश दिया।