नीमच। नेशनल सैलून डे के अवसर पर मालवा रीजन हेयर एंड ब्यूटी एसोसिएशन, नीमच द्वारा 11 अगस्त को शानदार एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हेयर एवं ब्यूटी प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन की प्रेसिडेंट अनीता डबकरा द्वारा अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने सभी को नेशनल सैलून डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्यूटी एवं सैलून इंडस्ट्री केवल सौंदर्य निखारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश-
अनीता डबकरा ने ब्यूटी प्रोफेशनल्स से एकजुट होकर आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सभी सदस्यों के सहयोग से ही संभव है। अनुभव और ज्ञान साझा कर ब्यूटी इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने ब्यूटी एवं सैलून व्यवसाय के विकास, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा प्रोफेशनल्स के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
एकता और सौहार्द का संदेश-
समारोह का माहौल उत्साह, सौहार्द और एकता से भरपूर रहा। सदस्यों ने नेशनल सैलून डे को यादगार बनाते हुए ‘एकता, सहयोग और सौंदर्य क्षेत्र के विकास’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में वाइस प्रेसिडेंट लुभाना सैय्यद ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।