खरगोन। जिले के गोगांवा विकासखंड के ग्राम देवली में सरकारी प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। स्कूल का मुख्य भवन पिछले 2 से 3 वर्षों से जर्जर हालत में बंद पड़ा है। ऐसे में पहली से तीसरी कक्षा तक के छोटे बच्चों को एक ही अतिरिक्त कक्ष में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के अतिरिक्त कक्ष की छत भी खराब हो चुकी है। छत में बड़ी-बड़ी दरारें हैं और कई जगह सरिए बाहर निकल आए हैं। बारिश होते ही कक्ष के अंदर पानी टपकने लगता है। ऐसी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षकों को मजबूरी में छुट्टी करनी पड़ती है।
बारिश में तालाब बन जाता है स्कूल का मैदान
स्कूल परिसर का मैदान भी बारिश के दिनों में जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो जाता है। कीचड़ और पानी जमा होने से बच्चों के लिए खेलना तो दूर, प्रार्थना के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती।
कई बार शिकायत, अब तक नहीं हुआ समाधान
शिक्षकों और ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों में जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत एवं मांग पत्र दिए जा चुके हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन की मरम्मत कराई जाए या नया भवन बनाया जाए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
बारिश के मौसम में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्कूल भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।