खरगोन। ग्राम भैसावद के किसानों ने वर्षों से टूटी पड़ी रपट की समस्या को लेकर एकजुट होकर प्रशासन से गुहार लगाई है। किसानों ने कसरावद एसडीएम कार्यालय पहुंचकर रपट के पक्के एवं व्यवस्थित निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
बोराड नदी पर बनी रपट 4-5 साल से क्षतिग्रस्त
किसानों के अनुसार ग्राम भैसावद में बोराड नदी पर बने स्टॉप डैम की रपट पिछले 4-5 वर्षों से टूटी हुई है। यह रपट गांव के करीब 100 से 150 किसानों के लिए खेतों तक पहुंचने का सबसे आसान रास्ता है। रपट क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को बारिश के मौसम में खेतों तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है।
बारिश के दौरान नदी में बाढ़ आने पर ग्रामीण कई बार खुद मुरुम डालकर रास्ता तैयार करते हैं, लेकिन पानी के तेज बहाव में मुरुम भी बह जाता है। इस बार रपट की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है, जिससे किसानों के सामने आवागमन के साथ सुरक्षा का भी संकट खड़ा हो गया है।
किसानों ने एसडीएम से लगाई निर्माण की गुहार
समस्या के समाधान की मांग को लेकर भैसावद के किसान कसरावद एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। किसानों ने प्रशासन से रपट का स्थायी एवं पक्का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपने खेतों तक पहुंच सकें।
किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को आवेदन दिए जा चुके हैं। इस बार एसडीएम अनिल जैन ने किसानों को जल्द समस्या के निराकरण का भरोसा दिलाया है।
किसानों की एकजुटता के बाद अब ग्रामीणों को प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है। यदि रपट का स्थायी निर्माण होता है तो भैसावद के सैकड़ों किसानों को आवागमन में राहत मिलेगी और खेती के दौरान समय एवं मेहनत दोनों की बचत होगी।